धमतरी। गर्मी के दिनों में आगजनी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला अस्पताल में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग धमतरी की ओर से अग्नि सुरक्षा एवं बचाव संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल स्टाफ को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव और आग पर काबू पाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि गैस सिलेंडर, कचरा, कपड़ा सहित अलग-अलग प्रकार की आग को बुझाने के लिए अलग-अलग उपकरणों और तरीकों का उपयोग किया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को यह भी समझाया गया कि किस प्रकार की आग में किस अग्निशमन यंत्र का उपयोग करना चाहिए, ताकि आग को तेजी से नियंत्रित किया जा सके और बड़ा हादसा टाला जा सके।
कार्यक्रम में वाटर फायर एक्सटिंग्विशर, ड्राई केमिकल पाउडर, फोम एक्सटिंग्विशर तथा CO2 एक्सटिंग्विशर के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने स्टाफ को आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और सावधानी के साथ कार्य करने की सलाह दी।
इस दौरान विभाग की ओर से शितेश पवार, देवेंद्र साहू, भारत ठाकुर एवं दिलीप निषाद उपस्थित रहे। जिला अस्पताल के सलाहकार गिरीश कश्यप ने बताया कि अग्निशमन विभाग द्वारा अस्पताल स्टाफ को विस्तृत जानकारी दी गई है, जिससे आग लगने जैसी घटनाओं के दौरान समय रहते बचाव किया जा सके और जनहानि से बचा जा सके।




0 टिप्पणियाँ