NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

DMT: मूलभूत सुविधाओं की मांग लेकर हजारों की संख्या में आदिवासी बहुल इलाकों के ग्रामीण कलेक्ट्रेट घेराव करने पहुंचे

 





  भीड़ को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन सजग



भूपेंद्र साहू

धमतरी। नगरी के दूरस्थ क्षेत्र सीता नदी अभ्यारण इलाके में मूलभूत सुविधाओं को लेकर जल, जंगल, जमीन संघर्ष समिति के तत्वाधान में बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट का घेराव करने पहुंचे। जहां क्षेत्र व समाज की विभिन्न मांगो को प्रमुखता से रखा गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस व प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को कलेक्ट्रेट मोड़ के पास ही रोका गया था। स्थिति को देखते हुए धमतरी सहित अन्य जिलों से पुलिस बल मंगा लिया गया है। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड तैनात कर दिया गया है।



वनाँचल के लगभग 52 गांव के हजारों ग्रामीण सोमवार को धमतरी पहुंचे। कलेक्ट्रेट के लिए पद यात्रा करते हुए निकले। जहां उन्हें जनपद कार्यालय के पास रोक दिया गया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया गया कि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बसे 45 गांवों के आदिवासी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। वनांचल और दूरस्थ गांवों को मुख्य मागों से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण की मांग की गई है।

अरसीकन्हार से गरहाडीही जंक्शन तक 25 किमी पक्की सड़क, गहनगिरिया से जोरातराई तक 25 किमी सड़क, खल्लारी से नवगांव तक 5 किमी सड़क, देवरी और बेलरबाहरा के आश्रित गांवों तक पक्की सड़क, बोरई, लिबमा, कुरीगांव, बहीगांव, बोरसील्ली के सभी आश्रित गांवों तक पक्की सड़क, खल्लारी से लिबमा तक 15 किमी सड़क निर्माण जरूरी बताया गया है। मांग पत्र में उजरावन के पास सोंदूर नदी पर 80 मीटर का पुल की मांग की गई है। खल्लारी के पास गरांजी नदी पर पुल बनाने की मांग भी रखी गई. जिले के रिसगांव, खल्लारी, फरसगांव, नवागांव-लीलांज के आश्रित गांवों में पर्याप्त बिजली सुविधा नहीं होने की बात कही गई है। संघर्ष समिति ने आरोप लगाया है कि वन परिक्षेत्र अधिकारी रिसगांव ने सांकरा में आयोजित सुशासन शिविर के दौरान गोंडी धर्म और आदिवासी समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुईं। समिति ने संबंधित अधिकारी के निलंबन की मांग भी रखी है।

बड़ी संख्या में बल तैनात

 स्थिति को देखते हुए धमतरी के अलावा आसपास के अन्य जिलों सहित पुलिस बल मंगा लिया गया है। आईजी रायपुर रेंज खुद सीधा SP के साथ संपर्क में है। ग्रामीणों की एक ही मांग है कलेक्टर मौके पर पहुंचकर आश्वासन दे।अप्रिय स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड भी तैनात कर दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ