कथित गौ मांस मिलने के मामले में की जानी थी कार्रवाई
भूपेन्द्र साहू
धमतरी। शहर के सल्हेवार पारा स्थित गाड़ा बस्ती में कथित रूप से गौमांस मिलने के मामले में शनिवार को नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर कार्रवाई के लिए पहुंची। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया और फिर बस्ती वाले आक्रोशित हो गए जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई और अतिरिक्त फोर्स भी बुला ली गई।
इस बीच बस्ती के कुछ लोगों ने प्रशासन के समक्ष यह प्रस्ताव रखा कि जिस स्थान पर कथित रूप से पशु वध किया गया था, उसे वे स्वयं हटाने के लिए तैयार हैं। इसके बाद अधिकारियों द्वारा स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के प्रयास किये और अनुमति दी ताकि बाकी लोगों का कोई नुकसान न हो।
गौ हत्या नहीं करते खाल के लिए लाते हैं पशु
स्थानीय बस्ती वालों संदीप नागेश, मुकेश, आकाश, सरस्वती, सुनीता, स्वाती, राधा आदि का कहना है कि यहां पर कोई गौ हत्या नहीं होती, न ही गौ मांस बेचा जाता है।चूंकि उनके समुदाय में यह परंपरा है की मृत पशु को लाकर उसका खाल निकाल कर बाजा बनाया जाता है और मांस को जा करके गड़ा दिया जाता है। ऐसा ही उस दिन भी हो रहा था।इसी बीच हिंदू संगठन के लोग पहुंच गए और यह गलत रूप से प्रसारित हो गया। जबकि यहां ऐसा कुछ भी नहीं होता है। बस्ती वालों ने कहा कि आगे खाल निकालने का भी कार्य यहां पर नहीं किया जाएगा।
आखिर क्या है मामला
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को गाड़ा बस्ती से करीब 86 किलोग्राम कथित गौमांस बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी। घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों, विशेषकर हिंदू जागरण मंच, द्वारा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की मांग की जा रही थी। आरोपी के खिलाफ अपराध भी दर्ज किया गया।इधर, सूत्रों के अनुसार मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।






0 टिप्पणियाँ