धमतरी को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न शहर बनाने पर जोर
धमतरी। धमतरी शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का मंगलवार को महापौर नगर निगम रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं नवपदस्थ नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति तथा समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यदायी एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी शहर का समग्र, संतुलित एवं सुनियोजित विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर में संचालित सभी विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं, सुगम यातायात, स्वच्छ एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल तथा आधुनिक शहरी अधोसंरचना उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से धमतरी शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप मिलेगा। बेहतर यातायात व्यवस्था, खेल सुविधाएं, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिकों के लिए विकसित सार्वजनिक स्थल शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सिहावा चौक स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवन में फाल्स सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक साउंड सिस्टम, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था तथा दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का निरीक्षण करते हुए इसे शहर का प्रमुख आकर्षण एवं पारिवारिक मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के उपायुक्त पी.सी. सार्वा, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मुरलीधर पैकरा सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





0 टिप्पणियाँ