विकास कार्यों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को भी मिलेगा प्रोत्साहन: महापौर रामू रोहरा
धमतरी। आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर नगर पालिक निगम धमतरी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में होने वाले दही हांडी उत्सव, गणेश स्थल सजावट एवं झांकी प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम के माध्यम से दही हांडी प्रतियोगिता, गणेश उत्सव के दौरान गणेश स्थलों की सजावट तथा आकर्षक झांकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही धार्मिक उत्सव के अवसर पर पालकी यात्रा एवं भव्य महाआरती जैसे कार्यक्रमों को भी शामिल किया जाएगा। आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में सर्व हिंदू संगठन,श्री राम हिंदू संगठन,विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न हिंदू संगठनों एवं सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की और आयोजन को लेकर अपनी सहमति एवं सहयोग प्रदान करने की बात कही। प्रतिनिधियों ने कहा कि धमतरी की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी संगठन एवं समाज मिलकर कार्य करेंगे।सर्व हिंदू समाज के सहयोग से आगामी धार्मिक आयोजन धमतरी शहर में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला आयोजन बनाने पर सहमति बनी।





0 टिप्पणियाँ