अड्डेबाजी, चाकूबाजी एवं अशांति फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर- संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी पेट्रोलिंग
धमतरी।पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में गणेश विसर्जन झांकी एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री क्षेत्र के गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश एवं माफी बदमाशों को थाने में बुलाकर उनकी परेड कराई गई तथा पुलिस अधिकारियों ने उनसे व्यक्तिगत रूप से चर्चा की।
आगामी त्योहारों को देखते हुए धमतरी पुलिस द्वारा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर लगातार पेट्रोलिंग एवं सघन चेकिंग की जाएगी। अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों, लड़ाई-झगड़ा करने वालों, चाकूबाजी एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही एवं माइनर एक्ट के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार निगरानी, चेकिंग एवं आवश्यकतानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही जारी रहेगी।
इस कार्यवाही में डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत सहित थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।




0 टिप्पणियाँ