NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Flag march: जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को देखते हुए कलेक्टर-एसपी की उपस्थिति में फ्लैग मार्च

 



असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश, कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाही

धमतरी।आगामी जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिला मुख्यालय धमतरी एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।फ्लैग मार्च के माध्यम से जिला प्रशासन एवं पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा तथा असामाजिक तत्वों को कानून का सख्ती से पालन करने का स्पष्ट संदेश दिया।

फ्लैग मार्च गांधी मैदान धमतरी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों से होते हुए लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सदर बाजार सहित भीड़-भाड़ वाले एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए विंध्यवासिनी मंदिर के सामने से सिहावा चौक ,अर्जुनी चौक, भखारा रोड बाईपास होते हुए मुजगहन,लोहरसी होते रत्नाबांधा रोड में सम्पन्न हुआ।


कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आगामी त्यौहारों के दौरान अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव, छेड़छाड़, मारपीट, हुड़दंग एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवी तत्वों एवं पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

*सभी थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग एवं नाकाबंदी एवं सघन चेकिंग*

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में नाकाबंदी, वाहन चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
प्रमुख मार्गों एवं प्रवेश-निकास मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर वाहनों की रैंडम चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ एवं अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों के विरुद्ध भी लगातार कार्यवाही की जा रही है।



सीसीटीवी निगरानी, पेट्रोलिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्यौहारों के दौरान शहर एवं जिले में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बैरिकेडिंग, रैंडम चेकिंग, पैदल पेट्रोलिंग एवं मोबाइल पेट्रोलिंग को बढ़ाया गया है। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

धमतरी पुलिस हेल्पलाइन*
📞 100 / 112 — आपातकालीन पुलिस सेवा
📞 94791-92299 — धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम
धमतरी पुलिस का संदेश:
“त्यौहार खुशियों का है, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का नहीं। शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, कानून का पालन करें और सुरक्षित त्यौहार मनाएं।”

फ्लैग मार्च के दौरान डीएफओ श्री कृष्ण जाधव, एएसपी डी.सी. पटेल, एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, संयुक्त कलेक्ट इंदिरा देहारी, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीएम पियुष तिवारी, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, तहसीलदार कुसुम प्रधान,रक्षित निरीक्षक, समस्त थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी एवं यातायात पुलिस के जवान उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ