NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

NH30: मरकाटोला घाटी में बड़ा हादसा..खड़े डीजे वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, छह की मौत,कई घायल

 


गंभीर घायलों को धमतरी से रायपुर किया गया रेफर

धमतरी । पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरकाटोला घाटी के पास शुक्रवार की सुबह बड़ा सडक़ हादसा हो गया। जगदलपुर में धुमाल बजाने के लिए जा रहे लोगों के खड़ी वाहन को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि इसमें छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायल और मृतकों को धमतरी जिला अस्पताल ले गए सूचना मिलने पर विधायक ओंकार साहू व महापौर रामू रोहरा भी पहुंचे।

मिली जानकारी के अनुसार कबीरधाम जिले से लगभग 40 लोगों की टीम धुमाल बजाने जगदलपुर जा रही थी। जिसमें से एक धुमाल की गाड़ी खराब होने पर मरकाटोला घाटी के पास खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे गेहूँ से भरे ट्रक ने खड़े वाहन को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया।

घायलों को रायपुर किया गया रेफर

हादसे में घायल सभी लोगों को जिला अस्पताल धमतरी लाया गया।जिसमे सुंदर साहू, अनिश पात्रे, दीपक, कोमल की मौत हो गई।बाकी घायल प्रमोद साहू, अरमान कामले, दीपचंद, नीरज, भुनेश्वर, रूपेश, गणेश, को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए रायपुर मेकाहारा रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और घायलों के इलाज के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।बाद में कृष्णा और राजा का भी शव लाया गया।




दो गाड़ियों में थे 40 लोग, जगदलपुर धुमाल बजाने जा रहे थे

धुमाल टीम के प्रमुख महेश बंजारे ने बताया कि सभी लोग कबीरधाम जिले के रहने वाले हैं। वे जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में धुमाल बजाने के लिए जा रहे थे। लगभग 40 लोग दो गाडिय़ों में थे। एक गाड़ी का बेयरिंग खराब होने के बाद सुबह 4 बजे मरकाटोला घाट के पास सडक़ किनारे खड़ी कर दिये। बाकी लोग दूसरी गाड़ी से खाना की व्यवस्था के लिए आगे चले गये थे। लौटकर देखने पर हादसा हो गया था। 


महापौर पहुंचे अस्पताल, कपड़ा, भोजन के साथ इलाज की व्यवस्था करवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। धमतरी महापौर रामू रोहरा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। गृहमंत्री से घायलों की बात कराई। कपड़े, भोजन की भी व्यवस्था महापौर ने कराई। रायपुर अस्पताल बात कर घायलों को बारी बारी से भिजवाया। इस सीएस डॉ. आदित्य सिन्हा के मार्गदर्शन में डाक्टरों की टीम त्वरित उपचार में जुटी हुई थी। 


3:30घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव को

 सूचना मिलते ही शिवा प्रधान, हेमंत प्रधान और डूमन साहू अपनी 3 एंबुलेंस लेकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।हादसे में एक व्यक्ति ट्रक के नीचे दब गया था। उसे बाहर निकालने के लिए बारिश के बीच ट्रक में लदी 600 से अधिक गेहूं की बोरियों को एक-एक करके हटाया गया। लगभग 3 घंटे 30 मिनट की कड़ी मेहनत के बाद दबे हुए व्यक्ति के शव को बाहर निकाला जा सका।इस कठिन और बेहद दर्दनाक रेस्क्यू ऑपरेशन में वरदान परमार्थ सेवा समिति की टीम के साथ चारामा क्षेत्र के टीकम तारम, कुणाल नेताम, भावेश, चंद्रकांत यादव, दिव्यांशु मांडवी, दुर्गेश तथा पुलिस प्रशासन की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।


छह लोगों की मौत, कई घायल : सीएसपी

घटना के बाद बालोद सीएसपी माया शर्मा जिला अस्पताल धमतरी पहुंची। उन्होंने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। कई घायल हैं जिन्हें रायपुर रिफर किया जा रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ