ग्राम मड़ेली में धूमधाम से मनाया गया ओबीसी दिवस
धमतरी। ओबीसी संयोजन समिति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में बुधवार 10 सितंबर को ग्राम मड़ेली (कचना), विकासखंड कुरूद में ओबीसी दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में समिति के संस्थापक अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू, पूर्व विधायक लेखराम साहू, संगठन की प्रदेश कार्यसमिति के अध्यक्ष टिकेश्वर साहू, बामसेफ के भावसिंह डाहरे, दिनेश्वर बंजारे, भीम आर्मी एकता मिशन के जिला अध्यक्ष मिलाप साहू, विकास लहरे, लोकेश बघेल सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर गांव में उल्लेखनीय उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर, त्यागमूर्ति राम लखन चंदापुरी तथा शहीद चूल्हाई राम के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। अतिथियों के स्वागत के पश्चात उद्बोधन हुआ।
पूर्व विधायक लेखराम साहू ने ओबीसी समाज से अपने वोट और आर्थिक संसाधन समाजहित में सुरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना कराकर जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी प्राप्त होने तक ओबीसी समाज का संघर्ष जारी रहेगा।राष्ट्रीय प्रचारक टिकेश्वर साहू ने सामाजिक एकता और संगठन को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। मिलाप साहू ने युवाओं से अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संगठित होने का आग्रह किया। भावसिंह डहरिया ने संवैधानिक अधिकारों एवं सामाजिक न्याय की लड़ाई को और सशक्त बनाने की बात कही। नारायण साहू ने ओबीसी समाज में जागरूकता और एकजुटता को वर्तमान की आवश्यकता बताया।





0 टिप्पणियाँ