कृष्णा डेयरी, सखी कैफे सहित एक अन्य कैफे से पनीर के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए
धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना के परिपालन निर्देश के तहत राज्य भर में अमानकीकृत ‘डेयरी एनालॉग’ एवं गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भण्डारण, वितरण व विक्रय पर पूर्ण प्रतिषेध लगाया गया है।
उक्त आदेश के कड़ाई से क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, धमतरी द्वारा शहर में विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत शहर की समस्त डेयरियों, प्रमुख रेस्टोरेंट्स एवं कैफे की लगातार जांच की जा रही है तथा अमानकीकृत ‘एनालॉग पनीर’ के अवैध उपयोग व विक्रय पर पैनी निगरानी रखी जा रही है।
जांच एवं नमूनों का संकलन:
जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा दल द्वारा धमतरी शहर के कृष्णा डेयरी,सखी कैफे और रूद्री रोड के कैफे का औचक निरीक्षण कर संदिग्ध पनीर के नमूने संकलित किए गए।संकलित सभी नमूनों को परीक्षण एवं एनालॉग पनीर की वैज्ञानिक पुष्टि हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला प्रेषित किया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्री सखी कैफे का लाइसेंस निलंबित:
निरीक्षण के दौरान श्री सखी कैफे में खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य कारोबार का अनुज्ञापन एवं रजिस्ट्रीकरण) विनियम के अनुसूची-4 में निर्धारित स्वच्छता एवं स्वच्छता मानकों का घोर उल्लंघन पाया गया। कैफे में अत्यधिक अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार किया जा रहा था। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस 02 दिवस अथवा रसोई (किचन) की संपूर्ण स्वच्छता व सुधार कार्य पूर्ण होने तक के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है।
प्रशासन की चेतावनी:
विभाग द्वारा जिले के सभी खाद्य कारोबार संचालकों (डेयरी, होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, ढाबा आदि) को सख्त हिदायत दी गई है कि वे किसी भी प्रकार के अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा नकली/मिलावटी पनीर का उपयोग न करें। साथ ही अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के उच्च मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण एवं दंडात्मक विधिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




0 टिप्पणियाँ