प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर शॉल-श्रीफल भेंट किए, कहा—अनुभव और संस्कार समाज की अमूल्य धरोहर
धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांधी जयंती के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जिले के लगभग 500 महिला एवं पुरुष वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के अंतर्गत 40 हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र (पॉसेशन सर्टिफिकेट) प्रदान किए गए। दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, पोषण किट का वितरण
राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट भेंट की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।
वृद्धजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वृद्धजन हमारे परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, जीवन संघर्ष और संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और सम्मान भारतीय संस्कृति की मूल भावना है। वरिष्ठजनों का सम्मान केवल किसी आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हमारे दैनिक व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।
नशामुक्त युवा ही बनाएंगे मजबूत भारत
प्रभारी मंत्री ने नशामुक्ति के लिए आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और इससे अपराध की प्रवृत्तियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति उसकी सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा शिक्षा, रोजगार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगेगी, तो भारत विकास के पथ पर और तेजी से आगे बढ़ेगा।
वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में कहा कि जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का अनुभव समाज के लिए मार्गदर्शक है और उनके सम्मान का यह अवसर नई पीढ़ी को पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि वृद्धजनों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है और इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा एवं संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, जनपद अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, वनमंडलाधिकारी श्री कृष्ण जाधव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने आभार व्यक्त किया।





0 टिप्पणियाँ