NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

मराठापारा एवं बांसपारा में आधी रात को हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार... 6 नाबालिग भी धरे गए

 



अन्य आरोपियों की पता तलाश जारी

धमतरी।थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मराठा पारा एवं बांसपारा क्षेत्र में देर रात हथियारों के साथ उत्पात मचाकर आम नागरिकों में भय एवं दहशत फैलाने वाले उपद्रवी गिरोह के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्यवाही की गई है।

मिली शिकायत के अनुसार 21 अक्टूबर की दरमियानी रात लगभग 12 बजे से 2 बजे के बीच 15 से 20 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठा पारा एवं बांसपारा वार्ड में एकत्र हुए। उनके हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार एवं चाकू जैसे हथियार थे। आरोप है कि उक्त युवकों ने मोहल्लेवासियों के साथ अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी तथा घरों के दरवाजों एवं दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न किया।


प्रार्थी वार्डवासी मराठापारा की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं सीएसपी धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने संदेहियों की पतासाजी एवं पूछताछ करते हुए कार्यवाही की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन, उम्र 19 वर्ष, निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की जानकारी दी गई है।

प्रकरण में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।



▪️*घटना में प्रयुक्त हथियार एवं कपड़े जब्त*
विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू, बांस के डंडे एवं घटना के समय पहने गए कपड़ों को जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया है। प्रकरण में तथ्यों के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

*अपराध का विवरण*

- थाना: सिटी कोतवाली, धमतरी

- धाराएं: 296, 351(2), 191(3), 189(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट।

- गिरफ्तार आरोपी: 01 बालिग आरोपी

- विधि से संघर्षरत बालक: 06

प्रकरण में अन्य आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ