NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Fire: रामलीला मंचन के दौरान अचानक लगी आग... वानर की किरदार निभा रहे तीन लोग झुलसे

 


नगरी ब्लॉक के छिपली गांव में  रामलीला मंचन के दौरान अचानक आग लग गई

धमतरी।जिले में दशहरा के दिन बड़ा हादसा हो गया। नगरी ब्लॉक के छिपली गांव में  रामलीला मंचन के दौरान अचानक आग लग गई। इस घटना में हनुमान, अंगद और वानर सेना का किरदार निभा रहे तीन कलाकार झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो कलाकारों को बेहतर इलाज के लिए धमतरी रेफर किया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार छिपली गांव में मंगलवार को दशहरा पर्व मनाया जा रहा था। गांव के लोग इस पर्व को लेकर उत्साहित थे। रावण दहन से पहले परंपरा के अनुसार रामलीला का मंचन किया जा रहा था। भगवान श्रीराम, हनुमान और अन्य पात्रों की भूमिका निभाने वाले कलाकार मंच पर मौजूद थे।इसी दौरान मंच पर स्प्रे का इस्तेमाल किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि तभी अचानक आग भड़क उठी और उसकी चपेट में तीन कलाकार आ गए। देखते ही देखते मंच पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में हनुमान का किरदार निभा रहे तोषण साहू, अंगद की भूमिका में मौजूद हेमंत ध्रुव और वानर सेना का पात्र निभा रहे दीपांशु सोम झुलस गए। मंच पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और तीनों घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हेमंत ध्रुव और दीपांशु सोम को धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जारी है। वहीं तीसरे घायल तोषण साहू का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।



दशहरा उत्सव के दौरान मची अफरा-तफरी

रामलीला मंचन के दौरान अचानक आग लगने की घटना से दशहरा उत्सव में हड़कंप मच गया। जिस मंच पर कलाकार धार्मिक प्रसंगों का मंचन कर रहे थे, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।








एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ