धमतरी।रुद्री रोड में गुरुवार की सुबह उस वक्त हडकंप मच गया जब दुलारी नगर के पास मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक राहगीरों पर हमला कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमले में अब तक 5 लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, एक छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे किसी पेड़ या भवन के पास मधुमक्खियों का छत्ता था। अचानक किसी कारणवश मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और वहां से गुजर रहे लोगों पर टूट पड़ीं। कुछ लोग बाइक से जा रहे थे तो कुछ पैदल राहगीर थे। मधुमक्खियों के हमले से लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोगों ने पास की दुकानों और घरों में घुसकर खुद को सुरक्षित किया।मधुमक्खी हमले में रुद्री निवासी यशवंत सिदार 45 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। पास में ही स्कूटी सवार महिला ने तुरंत उसको ओजस्वी नर्सिंग होम लाया जहां पर आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इसी तरह पास के ही कॉलोनी से विहान साहू गोकुलपुर स्कूल साइकिल से जा रहे थे उस पर भी हमला हुआ। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र को अस्थायी रूप से खाली कराया गया और लोगों को उस मार्ग से आवागमन न करने की चेतावनी दी गई। प्रशासन ने एहतियातन रुद्री रोड के दुलारी नगर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात धीमा कर दिया, ताकि किसी और को नुकसान न पहुंचे।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी मधुमक्खियों का छत्ता देखा गया था, लेकिन इस तरह के हमले की आशंका नहीं थी।




0 टिप्पणियाँ