धमतरी। जिले में एक बड़ा मामला सामने आया है। स्कूल के दौरान एक युवक दीवार फांदकर अंदर घुसकर बच्चे की पिटाई कर फरार हो गया। पिटाई से बच्चा सहम गया है, जिसका इलाज चल रहा है। परिजन आक्रोशित हैं और आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत की है।
मिली जानकारी के अनुसार अर्जुनी थाना क्षेत्र के भानपुरी गांव के सरकारी प्राथमिक स्कूल में सोमवार को लंच छुट्टी के दौरान बच्चों ने खाना खाया। इस दौरान कई बच्चे टॉयलेट जाने लगे। उसी दौरान एक सनकी युवक हाथ में लाठी लेकर स्कूल की दीवार फांदकर अंदर पहुंचा और टॉयलेट के पास खड़े तीसरी क्लास के छात्र की पिटाई करने लगा। पिटाई से बच्चा घायल हो गया।शरीर में कई जगहों पर चोट के निशान उभर आये हैं। इस घटना के बाद बच्चा घर चला गया और पिटाई की जानकारी पिता को दी।
बच्चे का पिता पहले बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचा और फिर अर्जुनी थाने में शिकायत की। बच्चे के पिता चेतन निर्मलकर ने बताया कि जिस युवक ने बच्चे की पिटाई की वह उसे जानते हैं। लंच छुट्टी के दौरान उसने बच्चे की पिटाई की। आरोपी युवक मानसिक रूप से बीमार है और पहले भी ऐसा कर चुका है।कई बार उसे पुलिस पकड़ कर ले गई, कुछ दिन रखने के बाद उसे छोड़ दिया जाता है.
इधर स्कूल में घुसकर बच्चे की पिटाई से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।पीड़ित पिता ने मांग की कि आरोपी सनकी युवक पर कड़ी कार्रवाई की जाए। क्योंकि वो कभी भी कहीं पर भी इस तरह की हरकत करता था. जिससे बच्चों को खतरा रहता है।
अर्जुनी थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि पिता की शिकायत प्राप्त हुई है मामले की जांच की जा रही है।



0 टिप्पणियाँ