धमतरी। जिले के कुरूद क्षेत्र बंजारी में स्थित सेंट आंस इंग्लिश मीडियम स्कूल बंजारी के पास लगे डामर (अस्फाल्ट) प्लांट से निकलने वाले जहरीले धुएं ने गंभीर चिंता का विषय पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि प्लांट से उठने वाला काला और बदबूदार धुआं हवा का रुख बदलते ही सीधे स्कूल परिसर में पहुंच जाता है, जिससे छोटे-छोटे बच्चे प्रभावित हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह स्कूल लगने के समय और दोपहर में छुट्टी के दौरान धुएं का प्रभाव सबसे अधिक देखा जाता है। बच्चों को आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और सिरदर्द जैसी समस्याएं होने लगी हैं। कई अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे घर लौटने के बाद लगातार खांसी और बेचैनी की शिकायत कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। “हम अपने बच्चों को पढ़ने भेजते हैं, न कि जहरीली हवा में बीमार होने के लिए,” एक अभिभावक ने नाराजगी जताते हुए कहा। स्थानीय निवासियों ने भी इस मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना है कि डामर प्लांट न केवल स्कूल के लिए बल्कि पूरे इलाके के लिए स्वास्थ्य खतरा बन चुका है। पर्यावरण नियमों की अनदेखी करते हुए प्लांट का संचालन किया जा रहा है।अब सवाल यह उठता है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा? क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार किया जा रहा है? अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
कलेक्टर कार्यालय में दिए आवेदन में प्राचार्य ने बताया हमारी संस्था सेंट आन्स इ. मि. स्कूल बंजारी, भखारा रोड में संचालित है, जहाँ पर कक्षा नर्सरी से 10 वीं तक 720 छात्र छात्राएं अध्ययनरत् है। लेकिन स्कूल से 300 मीटर की दूरी पर डामर फैक्ट्री है इस फैक्ट्री से निकलने वाले अत्याधिक धुआं, जहरीली गैस और धूल के कण से अध्ययनरत बच्चो एवं स्कूल में कार्यरत् शिक्षक शिक्षिकाओं में सांस लेने, आँखों में जलन व खांसी जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। स्कूल में अध्ययनरत बच्चों एवं पालकों की चिंता को ध्यान में रखते हुए इस फैक्ट्री का निरीक्षण करवाएं व इसे अन्य स्थान पर स्थानांतरित करवाएं।




0 टिप्पणियाँ