भूपेंद्र साहू
धमतरी। रुद्री नहर में नहाने के दौरान डूबे नाबालिग का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद किया गया। शव नहर के नए निर्माणाधीन पुल के पास ही पाया गया। पानी कम करने के बाद यह दिखा। गोताखोर लगातार पानी में सर्चिंग कर रहे थे। इस हादसे के बाद मृतक के साथियों और परिजनों में भी गहरा शोक व्याप्त है।
मृतक की पहचान समीर उर्फ मतलूब रिज़वी (उम्र लगभग 17 वर्ष), निवासी ग्राम पाली, तहसील शाहेवजपुर, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।ज्ञात हो कि समीर अपने कुछ साथियों के साथ धमतरी क्षेत्र में कार्य के सिलसिले में आया हुआ था। शुक्रवार 10 अप्रेल की सुबह सभी युवक रुद्री नहर में नहाने के लिए पहुंचे थे।नहाने के दौरान समीर अचानक गहरे पानी की ओर चला गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और साथियों द्वारा तत्काल स्थानीय लोगों को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू की। देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। अगले दिन शनिवार सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया।
रुद्री थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि लगातार प्रयास के बाद करीब 24 घंटे पश्चात युवक का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर नए पुल के पास बरामद किया गया।वरदान परामर्श एंबुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान एवं प्रियांश साहू के माध्यम से शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम की तैयारी की गई।बताया जा रहा है कि मृतक और उसके साथी उत्तर प्रदेश से धमतरी क्षेत्र में सोफा रिपेयर, बेचने के कार्य से आए हुए थे। अचानक हुई इस घटना से उनके साथियों में भी गहरा सदमा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रुद्री बैराज जैसे खतरनाक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और नहाने पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।गोताखोरों की टीम में हवलदार शंभू नाथ ध्रुव, चंद्रकांत चंद्राकर, अनिल नेताम, प्रेम कुमार ध्रुव, अमित कुमार, विजय बघेल, कली राम ध्रुव शामिल थे।




0 टिप्पणियाँ