धमतरी। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में अब सख्ती दिखाई देने लगी है। आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देश पर निगम प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी क्रम में बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई स्थानों पर स्वच्छता मानकों की अनदेखी सामने आई, जिस पर टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल ₹38000 का जुर्माना वसूला।
विशेष रूप से डेयरी संचालकों द्वारा गंदगी फैलाने के मामलों में 2 डेयरी संचालकों पर चालानी कार्रवाई की गई, जबकि विनय गौली के डेयरी को गंभीर लापरवाही के चलते तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से अन्य व्यवसायियों में भी हड़कंप मच गया है।
सोरिद क्षेत्र में एक स्मार्ट प्वाइंट संचालक को भी नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया गया है। निगम ने निर्देश दिया है कि 24 घंटे के भीतर ₹10,000 की पेनल्टी जमा नहीं करने पर संबंधित प्रतिष्ठान को भी सील कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने बताया कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान सुनील सालुंके, धनेश सिन्हा, मुकेश साहू, राजेंद्र नाग, गिरवर सिन्हा, सुरेश सिन्हा, सुनील रजक, अश्वनी राजपूत, यशवंत पटेल, गोलू पटेल, जिनेंद्र मारकंडे सहित स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। निगम का कहना है कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छ शहर का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं।




0 टिप्पणियाँ