![]() |
| File |
रायपुर। राजनांदगांव जिले में पद्मश्री फूलबासन बाई यादव को किडनैप कर लिया गया था।मंगलवार सुबह महिला समेत 3 लोगों ने फोटो खींचवाने के बहाने फूलबासन के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर गमछा बांधकर कार में बैठा लिया, लेकिन भागते समय पुलिस की रूटीन चेकिंग में पकड़े गए।
ये है पूरा मामला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बेमेतरा निवासी खुशबू साहू नाम की महिला अपने तीन साथियों के साथ मंगलवार सुबह करीब 10 बजे फूलबासन बाई के घर पहुंची। उन्होंने 'जरूरी चर्चा' का बहाना बनाकर फूलबासन बाई को घर से बाहर बुलाया। उनके साथ फोटो खींचवाने और बर्थडे मनाने की बात कहकर अपनी कार में बैठा लिया।कार के आगे बढ़ते ही आरोपियों ने फूलबासन बाई के हाथ-पैर बांध दिए और उनके मुंह पर गमछा लपेट दिया, जिससे वे शोर न मचा सकें। किडनैपर्स खैरागढ़ के रास्ते से भागने की कोशिश कर रहे थे। चिखली पुलिस चौकी के पास रूटीन चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने शक होने पर उनकी कार को रोक दिया।
मिर्गी' पड़ने का बहाना बनाया
पुलिस को देखकर आरोपियों ने बताया कि, गाड़ी में बैठी महिला को मिर्गी का दौरा पड़ा है। वे उन्हें हॉस्पिटल ले जा रहे हैं। हालांकि, चेकिंग कर रहे एक पुलिसकर्मी ने फूलबासन बाई को पहचान लिया। उनकी हालत देखकर पुलिस का शक गहराया और सभी आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस का आशंका है कि, यह अपहरण किसी बड़ी आर्थिक उगाही या आपराधिक साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन पर हुए इस हमले के बाद सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।




0 टिप्पणियाँ