विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार
धमतरी। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गंगरेल बांध में आगामी 14 जून को भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन जय मां कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में समाजसेवी खुबलाल ध्रुव द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा फिटनेस और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार सुबह 6 बजे गंगरेल बांध परिसर से होगा। इस आयोजन में युवाओं और महिलाओं के लिए अलग-अलग रेस आयोजित की जाएगी, जिससे सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
महिला वर्ग की प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 2,500 रुपये तथा चतुर्थ पुरस्कार 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
पहले पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय को 25 हजार रुपये, तृतीय को 15 हजार रुपये, चतुर्थ को 5 हजार रुपये, पंचम को 2,500 रुपये तथा षष्ठम स्थान प्राप्त करने वाले को 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की जा चुकी है।
आयोजक खुबलाल ध्रुव ने जिले सहित प्रदेशभर के युवाओं और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और समृद्ध भारत के निर्माण की आधारशिला हैं। यह आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी देगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए आयोजकों से संपर्क कर सकते हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि गंगरेल बांध की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास में एक यादगार आयोजन साबित होगी।





0 टिप्पणियाँ